सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किये जा रहे सेवा सेतु शिविर:- उपायुक्त सतबीर सिंह
महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में नगर पालिका क्षेत्र के लिए आयोजित किया गया सेवा सेतु शिविर
सेवा सेतु शिविर में पात्र लाभार्थियों का किया गया पंजीकरण
सेवा संकल्प अभियान के तहत घर-द्वार के नजदीक मिल रही योजनाओं की सुविधा
महम नगर पालिका की चेयरपर्सन भारती पंवार ने शिविर में की शिरकत
रोहतक,
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत महम नगर पालिका क्षेत्र के लाभार्थियों के लिए महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। मंगलवार को महम खंड के लाभार्थियों के लिए सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जायेगा। उन्होंने पात्र व्यक्तियों का आह्वान किया है कि वे उनके घर द्वार के समीप आयोजित किये जा रहे सेवा सेतु शिविरों का पूरा लाभ उठाये।
सतबीर सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के विभिन्न मॉड्यूल के तहत अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही है ताकि पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का सुगमता से लाभ पहुंचाया जा सके। इस अभियान के माॅडयूल सेवा सेतु के तहत खंड, नगर निकाय स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किये जा रहे है, जिनमें संबंधित विभागों द्वारा स्टाॅल लगाकर मौके पर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा रहा है। पंजीकरण के उपरांत संबंधित लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ प्रदान किया जायेगा ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके।
सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक एवं नोडल अधिकारी मुकुंद तंवर ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उपमंडल अधिकारी कार्यालय, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, समाज कल्याण विभाग, उद्यान विकास विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सौर ऊर्जा विभाग, समाज कल्याण विभाग, एमएसएमई विभाग, नगर पालिका समिति, उप निदेशक कृषि विभाग व तहसील विभाग से संबंधित विभागों द्वारा स्टाॅल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।
नोडल अधिकारी मुकुंद तंवर ने बताया कि महम खंड के नागरिकों के लिए 13 अक्तूबर को महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, 14 अक्तूबर को गांव मोखरा स्थित चैपाल (पाना खांडयान) तथा 15 अक्तूबर को गांव-फरमाणा स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्ति इन शिविरों में पहुंचकर पात्रता अनुसार लाभ उठाये।
बाॅक्स
पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता:- भारती पंवार
महम नगरपालिका की चेयरपर्सन भारती पंवार ने आयोजित सेवा सेतु शिविर में शिरकत की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि पात्र लोगों को उनकी इच्छानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिया जाए ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत हो सके। सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों का आयोजन करवाया जा रहा है, जिनका उद्देश्य नागरिकों के घर द्वार के समीप पात्रता अनुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना है।
