सेवा संकल्प अभियान से विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी नई मजबूती :- मनीष ग्रोवर
जिला रोहतक के सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं डायरेक्टरों की बैठक का आयोजन आज मेयर राम अवतार वाल्मीकि की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मनजीत मलिक एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजेंद्र हुड्डा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का बुके देकर स्वागत किया।
बैठक में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विशेष रूप से पेंटिंग, भाषण, निबंध प्रतियोगिता तथा नुक्कड़ नाटक शामिल होंगे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रमुखों से विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवाकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने निरंतर देश की सेवा करते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। विकसित भारत का लक्ष्य वर्ष 2047 तक प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें देशभर के करोड़ों विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सहभागी बनेंगे।
मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधनों से अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रणबीर ढाका ने भी अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को पेंटिंग, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं उप जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुनीता चहल सहित जिला के सभी खंड शिक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे।
