प्रत्येक पात्र व्यक्ति योजनाओं को लाभ देने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
भिवानी, 05 सितंबर। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डीसी साहिल गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भी इस अभियान को अधिक से अधिक प्रभावी बनाने को लेकर प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। वहीं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने इस अभियान की पूरी रूपरेखा प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान डीसी ने सेवा संकल्प अभियान में 14 मॉड्यूल के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत जिला प्रशासन, विभागों, शिक्षण संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायतों, युवाओं तथा आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान की गतिविधियां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने पर भी केंद्रित रहेंगी।
डीसी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित 14 प्रमुख मॉड्यूल बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद के दीये जलाने से की जाएगी, जिसमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। इसके अलावा इंडिया ऑफ द ड्रीम्स ऑफ 250 मिलियन चिल्ड्रन या 25 करोड़ बच्चो के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी—जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र, नेशनल इनोवेशन चैलेंज, जन सेवक महाकुंभ—पंचायत से संसद व ओवरसीज पार्टिसिपेशन इन महायज्ञ अभियान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आशीर्वाद का दीए के तहत 17 सितंबर को प्रमुख सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और कोविड-19 टीकाकरण से जुड़े लाभार्थी दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इंडिया ऑफ द ड्रीम्स ऑफ 250 मिलियन चिल्ड्रन के तहत विकसित भारत सरकारी और निजी स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। नमो सेवा गाथा से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसी प्रकार से आंगन का उत्सव के तहत प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें माताओं, बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। बच्चों के लिए खेल, चित्रकला और गीत जैसी गतिविधियां होंगी तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कहानी बदलाव की, कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत विकास परियोजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण स्थलों को लोगों को जानकारी दी जाएगी।
इसी प्रकार से सेवा ज्योति यात्रा के तहत जिला स्तर पर मशाल यात्राएं गांवों से शुरू होकर जिला मुख्यालय तक पहुंचेंगी। यात्रा के समापन पर विकसित भारत 2047 के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। सेवा मेरा योगदान में रक्तदान, वृद्धाश्रम में सेवा, पौधरोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच शिविर, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, योग, नशा मुक्त भारत तथा नदी किनारे सफाई एवं सौंदर्यीकरण जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
सेवा सेतु कार्यक्रम में खंड और विधानसभा स्तर पर विशेष सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लोगों को मौके पर उपलब्ध करवाया जाएगा। रंगोली राष्ट्र में प्राकृतिक सामग्री जैसे फूल, मिट्टी, रेत, चावल, बीज, पत्तियों और प्राकृतिक रंगों से रंगोली बनाई जाएगी। नेशनल इनोवेशन चैलेंज में युवाओं को नवाचार से जोड़ा जाएगा। जन सेवक महाकुंभ में विशेषकर पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। महायज्ञ में प्रवासी हरियाणवियों को जोड़ा जाएगा।
डीसी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करेंगे। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में जन प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इस दौरान डीएमसी हरबीर सिंह, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर, डीआईओ अमित लांबा और जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
