17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, डीसी वर्षा खांगवाल ने तैयारियों की समीक्षा की
झज्जर | राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत झज्जर जिला में जनसेवा एवं सुशासन की यात्रा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। इससे पहले मुख्य सचिव हरियाणा श्री अनुराग रस्तोगी ने सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली और उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन अभियान बनाने और सेवा गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी को झज्जर जिला में सेवा संकल्प अभियान के दृष्टिगत चल रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।
होंगी विभिन्न गतिविधियां
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर झज्जर में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिला में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग मॉड्यूल के माध्यम से सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं।
संग सरीखे होंगे आयोजन
डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया/रक्तदान, मेरे सपनों का भारत, आंगन मिलन सेवा,सेवा ज्योति कलश यात्रा आदि थीम पर कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होगा। इसके अलावा सेवा मेरा योगदान, मेरे सपनों का भारत -चित्र सेवा,सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज,सेवा सेतु अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सेवा भाव से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि सुशासन सेवा संवाद,नमो सेवा- अनकही कहानियां जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक एवं सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल उद्देश्य आमजन को सेवा गतिविधियों से जोड़ना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का समुचित फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण भी किया जाए ताकि जिला झज्जर में किए जा रहे सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम रेणुका नांदल व सीटीएम ऋतु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
