सिरसा, 05 सितंबर।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान जिला में मुख्य प्रोजेक्ट को चिन्हित कर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 17 सितंबर की शाम को बूथ लेवल पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आमजन को शामिल करते हुए 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा और उनके जीवन स्तर पर आए बदलाव की कहानी साझा की जाएगी। यही नहीं पिछले 12 वर्षों में हुए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों तथा इनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव को आमजन के बीच पहुंचाने के लिए सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर विकास यात्रा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। इसके अलावा जिला में रंगोली तथा पेंटिंग व भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विकसित भारत और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत पर विचार उकेरे जाएंगे। अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रमों में किसानों, महिला शक्ति और बच्चों सहित प्रत्येक वर्ग की भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में ब्लाॅक स्तर पर सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे जिसमें संबंधित विभाग आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर प्रदान करेंगे, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, माई भारत संगठन से जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
