सेवा संकल्प अभियान को भव्य तरीके से मनाया जायेगा :- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
 सेवा संकल्प अभियान को भव्य तरीके से मनाया जायेगा :- उपायुक्त सतबीर सिंह


- अधिकारी इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित गतिविधियों का करवाये आयोजन
- 17 सितंबर को मुख्य स्थलों पर जलाये जायेंगे लगभग डेढ़ लाख दीये
- एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर लाइटिंग के अलावा जलाये जायेंगे हजारों दीये
- सांपला स्थित चौ. छोटूराम प्रतिमा स्थल पर भी जलाये जायेंगे दीये
- महम स्थित ऐतिहासिक बावड़ी पर भी लाइटिंग व दीये के किये जायेंगे प्रबंध
रोहतक, 15 सितंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्तूबर 2026 तक विभिन्न मॉड्यूल के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करवाया जायेगा। सभी विभाग इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए भव्यता के साथ मनाये। इस अभियान के प्रथम दिन जिला में चिन्हित स्थानों पर सरसों के तेल से लगभग डेढ़ लाख दीये जलाये जायेंगे तथा स्थानीय शहरी चौक-चौराहों पर सफेद लाइटिंग करवाई जायेगी।
सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि उनके कार्यालयों के भवनों पर दीये जलाये जायें तथा लाइटिंग की जाये। अधिकारी दीये जलाने व लाइटिंग के फोटो व रील्स भी शेयर करवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को सायं 7 बजे जिला के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों, सरकारी भवनों, मुख्य विकास कार्यों, अमृत सरोवरों, मतदान केंद्रों, मुख्य धार्मिक स्थलों पर दीये जलाकर रोशनी की जायेगी। जिला में इस दिन लगभग डेढ़ लाख दीये जलाये जायेंगे तथा शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर सफेद रोशनी के प्रबंध भी किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा खाद्य एवं पूर्ति विभाग के माध्यम से लाभार्थियों को दो लाख रुपये वितरित करवाये गए है तथा शेष दीये व अन्य सामग्री वितरित करवाई जायेगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि स्थानीय एलिवेटेड रेलवे ट्रैक को विशेष रूप से रोशन किया जायेगा। इसके तहत हजारों दीये जलाये जायेंगे तथा लाइटिंग भी की जायेगी। इस दिन रेलवे टै्रक के चिन्हित स्थलों पर रेल गाडिय़ों की समय सारणी को ध्यान में रखते हुए हजारों प्रतिभागियों द्वारा सरसों के दीये जलाये जायेंगे तथा चिन्हित स्थानों पर लाइटिंग के प्रबंध भी करवाये जायेंगे। इसके अलावा स्थानीय एलिवेटेड रोड़ पर चिन्हित स्थानों पर हजारों दीये जलाये जायेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर चढऩे के लिए मजबूत सीढिय़ों के प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के चिन्हित चौक पर सजावट व लाइटिंग के प्रबंध करवाये जायें।
सतबीर सिंह ने कहा कि इसी तरह जिला में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की यात्रा से संबंधित स्थलों पर भी दीये जलाये जायेंगे तथा लाइटिंग करवाई जायेगी। सांपला स्थित चौ. छोटूराम की प्रतिमा स्थल को विशेष रूप से सजाया जायेगा तथा इस स्थल पर दीयो के अलावा लाइटिंग के प्रबंध भी करवाये जायेंगे। इसी प्रकार महम स्थित ऐतिहासिक बावड़ी पर भी दीये जलाने के साथ लाइटें लगवाई जायेंगी। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल की गतिविधियों के दौरान यातायात का उचित प्रबंधन करें ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान न हो।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा मॉड्यूल के तहत शिक्षा विभाग द्वारा 18 से 21 सितंबर तक निर्धारित कार्यक्रम अनुसार पेंटिंग, भाषण व रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जायेगा। इसके तहत 18 सितंबर को रोहतक व कलानौर के खंडों के स्कूलों में पेंटिंग प्रतियोगिता तथा इसी दिन लाखनमाजरा, महम व सांपला खंडों के स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता, 19 सितंबर को रोहतक व कलानौर खंडों के स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता एवं इसी दिन लाखनमाजरा, महम एवं सांपला खंडों के स्कूलों में पेंटिंग प्रतियोगिता, 21 सितंबर को जिला के सभी पांच खंडों के स्कूलों में रंगोली प्रतियागिता आयोजित करवाई जायेगी।  
सतबीर सिंह ने कहा कि नमो सेवा- अनकही कहानियां मॉड्यूल के तहत कला एवं सांस्कृतिक विभाग की सांस्कृतिक टीमों द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किये जायेंगे। आंगनवाड़ी मिलन सेवा मॉड्यूल के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 25 सितंबर से 7 अक्तूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायकों एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जायेगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा की कहानी मॉड्यूल के तहत 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक जिला में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की रील्स तैयार की जायेगी तथा सरकार के निर्देशानुसार अपलोड की जायेगी। सेवा ज्योति कलश यात्रा- विकसित भारत का संकल्प मॉड्ïयूल के तहत जिला स्तर पर 7 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से सायं 4 बजे तक यात्रा निकाली जायेगी। यह यात्रा पाकस्मा गांव से शुरू होकर भालौठ, सिसरौली, मदीना, भाली आनंदपुर होते हुए स्थानीय जिला विकास भवन में संपन्न होगी, जहां पर प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश व विकास कार्यों से संबंधित लघु फिल्म दिखाई जायेगी।
सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा मेरा योगदान मॉड्यूल के तहत संबंधित विभागों द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक विभिन्न 25 निर्धारित गतिविधियां आयोजित करवाई जायेगी, जिनमें रक्तदान शिविर, वृद्ध आश्रम का दौरा, पौधारोपण, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच शिविर, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा योगा, नशा मुक्त भारत आदि गतिविधियां शामिल है। इसके अलावा इस दौरान खंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को मौके पर विभिन्न योजनाओं व सेवाओं का लाभ दिया जायेगा। नगर निगम द्वारा भी विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ अभियान की मॉड्यूल के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मॉड्यूल अनुसार संबंधित विभागों से एक-एक कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार सभी विभाग जोश के साथ गतिविधियों को पूर्ण करवाये।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, उपमंडलाधीश आशीष कुमार एवं विपिन कुमार, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश शुभम, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता बिजेंद्र नरवाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी सुशील, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
फोटो : 01 से 04
0 0 0 0 0 0 0 0 0