सेवा संकल्प अभियान : आईटीआई में बुजुर्गों को सिखाए डिजिटल लेनदेन के सुरक्षित तरीके
हिसार,
सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सीनियर सिटीजन के लिए डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ रविन्द्र झोरड़ के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में करीब 25 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। उन्हें मोबाइल और कंप्यूटर के उपयोग के साथ ऑनलाइन लेनदेन में सावधानी बरतने की जानकारी दी गई।
अनुदेशक अनूप कोपा और वर्ग अनुदेशक दीपक ने वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल तकनीक के महत्व और दैनिक जीवन में इसके उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि तकनीक की जानकारी होने से कई जरूरी काम आसान हो जाते हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल करते समय सतर्क रहना भी जरूरी है। ब्लॉक यूथ कोऑर्डिनेटर ललित कुमार और अनुदेशक सदानंद सिहाग ने डिजिटल लेनदेन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन भुगतान करते समय ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध कॉल पर भरोसा करने से भी बचना चाहिए। जागरूकता और सावधानी से साइबर ठगी के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल सुविधाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित तरीके से तकनीक का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर सदानंद सिहाग, बलविंदर, अनिल और लक्ष्मण, सीनियर सिटीजन सहित संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा।
