सेवा संकल्प अभियान : केंद्रीय कारागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
लोक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों व एचआईवी से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
हिसार, 18 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को केंद्रीय कारागार में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुशील गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत सांस्कृतिक माध्यमों और लोक कलाकारों की प्रभावी प्रस्तुतियों के ज़रिए बंदियों को नशीले पदार्थों के घातक दुष्प्रभावों, एचआईवी/एड्स से बचाव तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला, संगीत और ढोलक की थाप पर नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देता है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बंदियों को एचआईवी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता और स्वास्थ्य जांच शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
