पीएम मोदी के 25 साल के सेवा सफर पर सेवा संकल्प अभियान, रोहतक प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
रोहतक, 14 सितंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक निर्धारित मॉड्यूल की सभी गतिविधियों का भव्य रूप से आयोजन किया जायेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा एवं संकल्प पूर्ण होने के उपलक्ष में यह अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों की चर्चा की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान के ओवरऑल इंचार्ज नरेंद्र कुमार, भाजपा के जिला प्रभारी विजयपाल, जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका, मेयर राम अवतार वाल्मीकि सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी इस अभियान के बारे में की गई तैयारियों की जानकारी ली।
सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों बारे संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के तहत चिन्हित स्थानों पर पारम्परिक मिट्टी के दीये जलाये जायेंगे। सरकार के निर्देशानुसार इस दिन सायं 7 बजे प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 30-30 हजार दीये जलाये जायेंगे। इसके अलावा स्थानीय एलिवेटेड रेलवे ट्रेक पर भी हजारों दीये जलाये जायेंगे तथा एलिवेटेड रोड़ पर चिन्हित स्थानों पर दीये जलाये जायेंगे। गत 12 वर्ष के दौरान जिला में हुए मुख्य विकास कार्यों, अमृत सरोवरों, प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों, सरकारी भवनों इत्यादि पर भी संबंधित / कर्मचारियों द्वारा दीये जलाये जायेंगे। शहर के विभिन्न चौक पर भी रोशनी की जायेगी।\
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा मॉड्यूल के तहत शिक्षा विभाग द्वारा 17 से 21 सितंबर तक स्कूल स्तर एवं 22 से 24 सितंबर तक जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जायेंगी। नमो सेवा अनकही कहानियों के अंतर्गत कला एवं सांस्कृतिक विभाग के माध्यम से 25 वर्ष की सेवा व जनकल्याण विषय पर जिला में नुक्कड़ नाटक आयोजित करवाये जायेंगे। आंगन मिलन सेवा मॉड्यूल के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से 7 अक्तूबर तक आंगनवाडी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित करवाई जायेंगी। सेवा की कहानी मॉड्यूल के तहत एक माह तक विभिन्न योजनाओं की सक्सेस स्टॉरी की रिल तैयार की जायेगी। संबंधित विभागों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा लाभार्थियों की रिल्स तैयार कर अपलोड की जायेंगी।
सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प मॉड्यूल के तहत 7 अक्तूबर को यात्रा आयोजित की जायेगी, जिसके लिए रूट निर्धारित किया जा रहा है। सेवा मेरा योगदान के तहत शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा चिन्हित 25 सेवाओं से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जायेंगी, जिनमें रक्तदान, वृद्घा आश्रम दौरा, पौधारोपण, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य चेकअप कैंप, डिजिटल लिटरेसी, साइबर सुरक्षा, योगा, नशा मुक्त भारत इत्यादि शामिल है। सेवा सेतु अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किये जायेंगे, जिनमें संबंधित विभागों द्वारा मौके पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किये जायेंगे। इनका आयोजन 24 सितंबर से 17 अक्तूबर तक खंड स्तर / शहरी स्थानीय निकाय स्तर पर किया जायेगा। सेवा के रंग मॉड्यूल के तहत 17 सितंबर से 5 अक्तूबर के मध्य स्कूल व कॉलेज स्तर पर रंगोली बनाई जायेगी। इसके अलावा भारत मंडल फॉर्मेशन भी प्रस्तावित है।
जिला में सेवा संकल्प अभियान को उत्साह के साथ मनाया जायेगा :- पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को पार्टी की और से भी उत्साह के साथ मनाया जायेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवा एवं संकल्प के पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा भी उत्साह के साथ इस अभियान में भागीदारी की जायेगी। अभियान के तहत 17 सितंबर को स्थानीय एलीवेटिड रेलवे ट्रैक पर हजारों दीये जलाकर इसे जगमग किया जायेगा। इसके अलावा एलिवेटेड रोड़ पर भी 3 स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा दीये जलाये जायेंगे। कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ स्तर पर लाभार्थियों के साथ दीये जलायेंगे तथा नागरिकों को अपने घरों पर भी दीये जलाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
सेवा संकल्प अभियान के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां :- जिला प्रभारी विजयपाल
जिला प्रभारी विजयपाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के बारे में पार्टी स्तर पर व्यापक चर्चा की गई है। इस अभियान के सभी मॉड्यूल की गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को ड्यूटी सौंपी गई है। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है तथा समान रूप से विकास कार्य करवाये जा रहे है।
सेवा संकल्प अभियान को जिला प्रशासन के साथ मिलकर बनायेंगे सफल :- जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका
भाजपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए पार्टी स्तर पर तैयारियां की जा रही है। इस अभियान के सभी मॉड्यूल के लिए जिला में प्रभारी नियुक्त किये गए है तथा कार्यकर्ताओं को भी इन गतिविधियों में जोश के साथ शामिल होने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर 17 सितंबर को सामूहिक रूप से हजारों दीये जलाये जायेंगे। इसी तरह एलिवेटेड रोड़ पर तीन स्थानों पर अंबेडकर चौक, माल गोदाम रोड़ तथा कच्चा बेरी रोड़ पर दीये जलाये जायेंगे। इसके अलावा भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अन्य सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ भागीदारी की जायेगी।
शहर के मुख्य चौक भी होंगे जगमग :- मेयर राम अवतार वाल्मीकि
मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की सफलता के लिए पार्टी स्तर पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया है। जिला में इस अभियान के तहत शहर के मुख्य चौक पर सफेद लाइटिंग से रोशनी की जायेगी तथा इन चौक का सौन्दर्यकरण भी किया जायेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा और संकल्प के संदेश को कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर पहुंचाया जायेगा तथा नागरिकों को अपने घरों पर 17 सितंबर को दीये जलाने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान के ओवरऑल इंचार्ज नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, प्रदेश सचिव प्रतिभा सुमन, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, नितिन जैन, नवीन ढुल, चेयरमैन खुशीराम हुड्डा, विकास बंसल, डॉ. अशोक रंगा, डॉ. अंकुश बिड्डू सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
