सेवा संकल्प अभियान : 17 सितंबर को शुरू होगा जनभागीदारी का महाअभियान

 
सेवा संकल्प अभियान : 17 सितंबर को शुरू होगा जनभागीदारी का महाअभियान

 
सेवा से सुशासन तक, महीनेभर चलेंगी विभिन्न गतिविधियां : उपायुक्त महेंद्र पाल
हिसार, 16 सितंबर।
सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार की ओर से 17 सितंबर से शुरू किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।


इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने मुख्यमंत्री को जिले में अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और तैयारियों की जानकारी दी। वीसी उपरांत उपायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ आमजन को विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत सरकारी भवनों, प्रमुख चौराहों और धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।


उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विद्यार्थियों को भी विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। स्कूल और कॉलेजों में रंगोली, निबंध लेखन और स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामुदायिक केंद्रों में नुक्कड़ प्रस्तुतियों के जरिए 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि अभियान के दौरान सेवा सेतु कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम, नगर परिषद और खंड स्तर पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। अभियान का उद्देश्य है कि इस दौरान अधिक से अधिक लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।


इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन, अतिरिक्त निगमायुक्त वेद प्रकाश बेनीवाल, नगराधीश रोहित कुमार, एचसीएस अधिकारी जगदीप, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।