सरकार की योजनाओं के लाभार्थी बनने सेवा सेतु कैंप में पहुंचे ग्रामीण
मातनहेल और पाटौदा में मुख्य अतिथि दीपक झांसवा और धर्मेंद्र माछरौली ने सेवा सेतु कैम्प का किया अवलोकन
डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी
समस्त क्षेत्रवासियों ने सरकारी सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं व स्वास्थ्य जांच का उठाया लाभ
झज्जर, 09 अक्टूबर
सेवा संकल्प अभियान के तहत नागरिकों को सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मातनहेल और पाटौदा में सेवा सेतु कैंप आयोजित किए गए। मातनहेल में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक समिति चेयरमैन दीपक झांसवा और पाटौदा में आयोजित कैंप का माछरौली पंचायत समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र और पवन कुमार ने अवलोकन किया।
कैम्प में पहुँचने पर बीडीपीओ मातनहेल डॉ अंजली शर्मा और बीडीपीओ माछरौली धर्मपाल ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। कैंप में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया। डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में झज्जर जिला में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक सेवा सेतु कैंप लगाकर लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
नागरिकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की दी जानकारी
मुख्य अतिथि दीपक झांसवा ने बताया कि कैंप में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। नागरिकों को योजनाओं के लिए निर्धारित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
मुख्य अतिथि दीपक झांसवा ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे प्रशासन की ओर से शेड्यूल अनुसार सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
माछरौली में कैंप का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह और पवन कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु कैंप का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन के करीब पहुंचाना है, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन मिल सके।
स्वास्थ्य संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली के लिए किया प्रेरित
सेवा सेतु कैंप में आयुष अधिकारी डॉ पवन देसवाल ने बताया कि स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। यहां नागरिकों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें स्वास्थ्य संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली तथा आयुष पद्धति से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया गया। इससे कैंप में आने वाले नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का भी लाभ मिला।
कैंप में विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी लेने के लिए नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने विभागीय स्टॉल पर पहुंचकर अपनी जरूरत के अनुसार जानकारी प्राप्त की तथा पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को समझा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
