सेवा संकल्प अभियान : आईटीआई विद्यार्थियों को रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों की दी गई जानकारी 

 


हिसार, 09 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग एवं मोटिवेशनल सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य सुनील सचदेवा व उपप्रधानाचार्य रविन्द्र झोरड़ के नेतृत्व में किया गया। सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को आईटीआई के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों और रोजगार की संभावनाओं से अवगत करवाना रहा।
कार्यक्रम में गौतम सोलर कंपनी के एचआर ऑफिसर सतेंद्र यादव तथा एमएसएमई हिसार के इंडस्ट्रियल ऑफिसर रमेश कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आईटीआई के बाद विद्यार्थी सरकारी विभागों, निजी कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा भी जारी रख सकते हैं। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी कौशल को आधार बनाकर अपना व्यवसाय शुरू किया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं और संस्थागत सहायता का लाभ लिया जा सकता है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, अप्रेंटिसशिप तथा औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को अपने कौशल में निरंतर सुधार करने, सकारात्मक सोच रखने और निर्धारित करियर लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में ग्रुप इंस्ट्रक्टर ललित कुमार, दीपक कटारिया, अप्रेंटिस इंस्ट्रक्टर राजपाल यादव तथा डब्ल्यूसीएस इंस्ट्रक्टर सुमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर सुधीर कुमार, राजेश, परमिंदर सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।