सिरसा,
सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को नगर निकाय विभाग द्वारा पौधारोपण और कचरे के स्रोत पर पृथक्करण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला के शहरी क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। इस अभियान के तहत लोगों को पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। यह जागरूकता गतिविधि नगर परिषद सिरसा, डबवाली, नगर पालिका रानियां, कालांवाली और ऐलनाबाद में आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रधानों, वार्ड पार्षदों तथा चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने मुख्य रूप से भाग लिया। अभियान का उद्देश्य आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
