*राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा अक्टूबर माह के दौरान गुरुग्राम के चयनित क्षेत्र में प्रमुख राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षणों का संचालन*

 


गुरुग्राम, 07 अक्टूबर।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग द्वारा अक्टूबर माह के दौरान के दौरान राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षणों के अंतर्गत आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस), प्रवासन विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) तथा कृषि परिवारों का स्थिति आकलन सर्वेक्षण(एसएएस) का संचालन किया जाएगा।


इन सर्वेक्षणों के अंतर्गत गुरुग्राम जिला के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आँकड़ों का संकलन किया जाएगा। चयनित क्षेत्रों में गुरुग्राम नगर निगम के अंतर्गत सैक्टर-3ए, 6, देवीलाल नगर सैक्टर-9, प्रेमपुरी सैक्टर-32, सुखराली, निहाल कॉलोनी, इस्लामपुर कॉलोनी, भोंडसी, गर्ग कॉलोनी फरुखनगर और ग्राम: जोड़ी, हेराहेड़ी, बपास, जनौला, नवादा फ़तेहपुर, घामडोज सम्मिलित हैं। ये सर्वेक्षण रोजगार, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों तथा घरेलू आय, प्रवासन के कारण, पारिवारिक संपत्ति और ऋण का आकलन, कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन, से संबंधित विश्वसनीय सांख्यिकीय आँकड़े उपलब्ध कराते हैं, जो साक्ष्य-आधारित नीतिगत निर्णयों एवं सामाजिक-आर्थिक नियोजन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से अनुरोध किया है कि वे सर्वेक्षण कार्य में नियुक्त अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें। उत्तरदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई गई समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा उसका उपयोग केवल सांख्यिकीय प्रयोजनों के लिए किया जाएगा।