भिवानी में लोगों की समस्याओं पर एसडीएम ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

 
भिवानी में लोगों की समस्याओं पर एसडीएम ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

भिवानी | डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में एसडीएम महेश कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे शिकायतकर्ता की समस्या को व्यक्तिगत रूप से देखें और उसका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें।


एसडीएम के समक्ष गांव तिगड़ाना निवासी राहुल ने वर्ष 2022-23 की जमाबंदी पैमाइश रिपोर्ट दिलवाने बारे, गांव जमालपुर निवासी लोकेश ने ओबीसी प्रमाण पत्र बनवाने बारे, तोशाम निवासी जितेंद्र सिंह ने धोखाधड़ी होने पर पुलिस कार्रवाई करवाने, गांव कुंगड़ निवासी जयबीर ने रजिस्ट्री का इंतकाल करवाने, गांव जीतवानबास निवासी सतेंद्र ने फिरनी की गली एवं नाली में खराब निर्माण सामग्री के प्रयोग की शिकायत रखी।


इसी प्रकार गांव देवराला निवासी सोनू, गांव बिधनोई निवासी नरेंद्र, भूपेंद्र, अनुज, संजू व कुलदीप, सेक्टर-13 निवासी प्रताप, वार्ड नंबर-13, बवानीखेड़ा निवासी शीला, गांव खडक़ड़ी निवासी सूरजमल तथा गांव दुर्जनपुर निवासी पूजा ने फैमिली आईडी में आई त्रुटियों को ठीक करवाने की शिकायतें रखीं। उन्होंने पीपीपी से संबंधित शिकायतें सुनते हुए आमजन से अपील की है कि वे पहले अपने उपमंडल स्तर पर पीपीपी से संबंधित शिकायत दें ताकि अनावश्यक रूप से उनको जिला मुख्यालय पर न आना पड़े। एसडीएम महेश कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें।


इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार, अजीत शेखावत, के.के. ग्रोवर, अनिल सोलंकी, रामकिशन हालवासिया और राम गोपाल सैनी मौजूद रहे।