सिरसा, 19 अक्टूबर।
हरियाणा सरकार के निर्देशों पर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की कड़ी में सोमवार को सिरसा के लघु सचिवालय स्थित सभागार में एसडीएम राजेंद्र कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में कुल 20 शिकायतें आई।
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन की शिकायतों का मौके पर या निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान हो और लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न आए। उन्होंने बताया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं।
वहीं, ऐलनाबाद में आयोजित उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में एसडीएम अदिति सिंघानियां, डबवाली में एसडीएम योगेश दिलहोर ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निपटान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के निवारण के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शिकायतों के निपटान में अनावश्यक देरी न हो और आमजन को समय पर राहत मिले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
