समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को दिए त्वरित निवारण के निर्देश

 
समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को दिए त्वरित निवारण के निर्देश

 

गुरुग्राम, 7 सितंबर – आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों के लिए राहत का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और उनका समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करने की प्रक्रिया को गति मिल रही है।

इसी कड़ी में सोमवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता एसडीएम हितेंद्र कुमार ने की। उन्होंने शिविर में पहुंचे आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए उसका निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में राजस्व, नगर निकाय, बिजली, जल निकासी, सड़क, जनसुविधाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निवारण में अनावश्यक देरी न हो और जहां संभव हो, समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को केवल आगे भेजने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उसके अंतिम निवारण तक उसकी निगरानी की जाए।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए समस्याओं का व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध हो।

उन्होंने कहा कि सुशासन की पहचान यही है कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निवारण हो सके।

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय तथा सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं की सुनवाई करते हैं तथा संबंधित शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को गति प्रदान करते हैं।

एसडीएम ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव, एसीपी मुकेश कुमार, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एटीपी कुलदीप, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, दीप्ति, एसडीओ रविन्दर पाल सिंह, सुमन कश्यप, जेई हर्षित तथा इनवेस्टिगेटर संजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।