समाधान शिविर मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच को कर रहे है साकार :- उपायुक्त सतबीर सिंह
रोहतक, 3 सितंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि समाधान शिविर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच को साकार करने में सार्थक सिद्ध हो रही है। सभी अधिकारी इन शिविरों में प्राप्त हर समस्या का समयबद्ध उचित निपटारा करना सुनिश्चित करें ताकि नागरिकों को समस्याओं से राहत मिले।
सतबीर सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों की सभी विभागों से संबंधित हर समस्या का एक छत के नीचे समयबद्ध निदान करने के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। जिला प्रशासन द्वारा इन शिविरों का आयोजन जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर किया जा रहा है। इन शिविरों में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं के निपटारे की मौके पर प्रक्रिया शुरू कर रहे है।
पीएम राहत योजना के तहत सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये तक निशुल्क उपचार का है प्रावधान :
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा सडक़ दुर्घटना में घायल होने वाले नागरिकों के कल्याण के लिए पीएम राहत योजना क्रियान्वित की जा रही है। इस योजना के तहत सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सरकारी या निजी अस्पताल में डेढ लाख रुपये तक निशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। निजी अस्पताल इस राशि को प्राप्त करने के लिए इलाज के बाद अपना दावा कर सकते है।
घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत दी जाती है 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि :-
सतबीर सिंह ने कहा है कि इसी तरह सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। यदि कोई व्यक्ति सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करता है तो ऐसे व्यक्ति की जानकारी अस्पताल पुलिस को सांझा करनी होती है, जिसके बाद ऐसे व्यक्ति को 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य है कि नागरिकों को सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाये ताकि कम से कम समय में पीडि़त व्यक्ति को अस्पताल में पहुंचाकर इलाज मुहैया करवाया जा सके।
जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित :-
उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। जिला स्तर पर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने समस्याएं सुनने के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके निपटारे बारे निर्देश दिये। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी तथा भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चौधरी एवं डॉ. अंकुश बिड्डू मौजूद रहे।
