जन शिकायतों के त्वरित समाधान में समाधान शिविर सहयोगी : डीसी

 झज्जर स्थित लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में डीसी वर्षा खांगवाल ने सुनी जनसमस्याएं
 
जन शिकायतों के त्वरित समाधान में समाधान शिविर सहयोगी : डीसी

 


झज्जर,10 अगस्त।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की पहल पर चल रहे समाधान शिविर आमजन के लिए सहयोगी बन रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया, डीसी वर्षा खांगवाल ने आमजन की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को अविलंब समाधान के निर्देश दिए।


डीसी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।


जन शिकायतों के स्थाई समाधान के लिए नागरिकों की  संतुष्टि भी हो सुनिश्चित
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय सहित बहादुरगढ़, बेरी और बादली में उपमंडल स्तर पर नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके नजदीकी स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को बल मिल रहा है।


डीसी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटान के दौरान संबंधित नागरिक से संवाद बनाए रखें, ताकि समाधान की गुणवत्ता और नागरिक संतुष्टि सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि फीडबैक प्रणाली को भी सुदृढ़ किया जाए, जिससे यह आकलन किया जा सके कि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट है या नहीं।


झज्जर के अलावा बेरी,बहादुरगढ़ और बादली में आयोजित हुए जनकल्याण शिविर
सोमवार को जिला मुख्यालय के अतिरिक्त बहादुरगढ़ में एसडीएम अभिनव सिवाच, बादली में एसडीएम विशाल कुमार तथा बेरी में एसडीएम रेणुका नांदल द्वारा भी जनकल्याण शिविरों में आमजन की समस्याएं सुनी गई और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


ये अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, जिला परिषद के सीईओ मनीष फौगाट, एसीपी अनिरुद्ध  चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।