मुख्यमंत्री ने जिलावार समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल की समीक्षा करते हुए दिए निर्देश
समाधान शिविर, जनसंवाद पोर्टल और एसएमजीटी पोर्टल की शिकायतों का हो प्रभावी समाधान : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने वीसी के माध्यम से सीएम के समक्ष रखी समाधान शिविर की प्रगति रिपोर्ट
झज्जर, 09 अक्टूबर
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुक्रवार को जिलावार समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिला में शिकायतों की स्थिति को लेकर गंभीरता से चर्चा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाधान शिविर जन सेवा की दिशा में अहम कदम है। वीसी के दौरान डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला में सोमवार व गुरुवार को लगने वाले समाधान शिविरों की प्रगति और समाधान पोर्टल की विस्तार से जानकारी दी।
शिकायतों के समाधान उपरांत पोर्टल पर अपडेट करना जरूरी
डीसी वर्षा खांगवाल ने वीसी उपरांत जिलाभर के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविरों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत का समाधान संवेदनशीलता व गंभीरता से करें। नागरिकों की बातों को ध्यान से सुनें और उनको बताएं कि आपकी समस्या का समाधान तय समय सीमा में कर दिया जाएगा। जिन शिकायतों का समाधान हो जाता है उनकों पोर्टल पर अपडेट अवश्य करें।
डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा समाधान शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। समाधान शिविर, जनसंवाद पोर्टल और एसएमजीटी पोर्टल की शिकायतों का सभी विभाग शीघ्र और प्रभावी समाधान करें। विभागाध्यक्ष शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया की पूरी निगरानी स्वयं करें। जिस समस्या का समाधान विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर नहीं हो रहा , उक्त शिकायत को संबंधित एसडीएम के माध्यम से एडीसी और डीसी के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही शासन -प्रशासन की प्राथमिकता होती है।
यह रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में डीसीपी फैजल खान, एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, सीटीएम ऋतु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
