सीडीएलयू के बॉयज हॉस्टल में हारे का सहारा ट्रस्ट ने लगवाए वाटर कूलर, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधारोपण

 
सीडीएलयू के बॉयज हॉस्टल में हारे का सहारा ट्रस्ट ने लगवाए वाटर कूलर, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत किया पौधारोपण

सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में लाला लाजपत राय और सरदार पटेल बॉयज हॉस्टल में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल व्यवस्था की गई। हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के सौजन्य से माताश्री श्रीमती सुशीला देवी जी की पुण्य स्मृति में दोनों छात्रावासों में वाटर कूलर स्थापित किए गए। इस पहल से हॉस्टल में रह रहे करीब 400 विद्यार्थियों को स्वच्छ व शीतल पेयजल उपलब्ध होगा। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को प्रेरित करते हुए मनीष सिंगला ने कहा कि इस धरती पर हमारा अस्तित्व, हर सांस और प्रकृति का सान्निध्य ही सबसे बड़ा चमत्कार है। यह जीवन हमें ईश्वर की कृपा और जन्म देने वाली माताश्री के आशीर्वाद से मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे माता-पिता और ईश्वर के प्रति सदैव कृतज्ञ रहें। सेवा और आदर भाव को जीवन में अपनाकर ही व्यक्ति सच्ची सफलता और सुख-समृद्धि प्राप्त कर सकता है। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया, सुनील सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।