महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सम्मानित होंगे सफाई कर्मचारी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी : डीएमसी

 

लघु सचिवालय सभागार में सोमवार सुबह 11 बजे आयोजित होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
 
झज्जर

महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार, 26 अक्टूबर को झज्जर लघु सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सोमवार की सुबह 11 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों और सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी एडीसी एवं डीएमसी जगनिवास ने दी।
डीएमसी ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के विचारों और उनके आदर्शों को याद करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और जनसेवा के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा। डीएमसी जगनिवास ने  बताया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को सम्मान देना समाज के प्रति उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि महर्षि वाल्मीकि ने अपने विचारों और रचनाओं के माध्यम से समाज को नैतिकता, सदाचार और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने में प्रासंगिक हैं। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना भी है।
डीएमसी ने बताया कि कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लोगों को सम्मानित कर योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को भी रेखांकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती समाज में सेवा, समानता और समर्पण की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
---------------