सांसद खेल महोत्सव का 31 अक्तूबर से होगा आगाज

 
सांसद खेल महोत्सव का 31 अक्तूबर से होगा आगाज

लड़कियों के मुकाबले 31 अक्तूबर व 1 नवंबर को, जबकि लड़कों की प्रतियोगिताएं 20 से 22 नवंबर तक होंगी आयोजित
 

फरीदाबाद,

फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से 31 अक्तूबर से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत लड़कियों के मुकाबले 31 अक्तूबर और 1 नवंबर को, जबकि लड़कों के मुकाबले 20 से 22 नवंबर तक विभिन्न आयुवर्गों में आयोजित किए जाएंगे।

डीसी आयुष सिन्हा ने सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर नोडल अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की है। उन्होंने प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला में सांसद खेल महोत्सव के दौरान कुल 13 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें एथलेटिक्स, सर्कल कबड्डी, नेशनल कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल (स्मैशिंग एवं शूटिंग), फुटबॉल, रस्साकशी, खो-खो, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, कुश्ती और तलवारबाजी शामिल हैं।

सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनमें अनुशासन और टीम भावना विकसित करना तथा उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में भी प्रोत्साहित किया जाएगा।