हिसार। शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी हिसार की ओर से कल सायं 7 बजे दिल्ली रोड स्थित सनसिटी मॉल के बैंक्वेट हॉल में शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले छह शिक्षकों को बैच, स्मृति चिन्ह एवं गिफ्ट पैक भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज और विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए गुरु के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन रोटेरियन अनिता भंडारी ने किया। उन्होंने जीवन में शिक्षक की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम में पहुंचे मेहमानों एवं शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कारों और जीवन को सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रोटरी हिसार की ओर से जय भगवान, राजेश कुमार गुप्ता, नीरू असीजा, डॉ. अनिशा सरकार दत्ता, डॉ. संदीप आर्य तथा डीएन कॉलेज हिसार के प्राचार्य डॉ. विक्रमजीत को सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित शिक्षकों को बैच, स्मृति चिन्ह एवं गिफ्ट पैक भेंट किए गए। सम्मानित शिक्षकों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने-अपने विचार साझा किए और रोटरी हिसार द्वारा शिक्षक दिवस पर आयोजित इस सम्मान समारोह की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चे खुशांक गुप्ता ने शिक्षक दिवस पर कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उसकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। सभी ने बाल प्रतिभा की सराहना करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया। रोटरी हिसार के प्रेसिडेंट रोटेरियन प्रदीप गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को समाज के लिए अमूल्य बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन समारोह के दौरान रोटरी हिसार के सचिव रोटेरियन दिनेश गुप्ता ने निराले अंदाज में गुरु की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा, “करता करे ना कर सके, गुरु करे सब होय। तीन लोक नौ खंड में, गुरु से बड़ा ना कोय॥” इन भावपूर्ण पंक्तियों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में रो. पवन अग्रवाल, रो. अश्विनी गर्ग, रो. जय कुमार बंसल, रो. शशि लोहिया, रो. पंकज गर्ग, रो. दयानंद सिंगला, रो. सुरेंद्र मित्तल, रो. योगेश मित्तल, रो. के.के. वर्मा, रो. राम अवतार सिंगल, रो. मुकेश गुप्ता, रो. ब्रह्मानंद सहित सभी रोटेरियन उपस्थित रहे।
