रोहतकः शिक्षक दिवस पर मॉडल स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने काली पट्टी बांधकर कक्षा ली

 
रोहतकः शिक्षक दिवस पर मॉडल स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने काली पट्टी बांधकर कक्षा ली

 शिक्षक दिवस के अवसर पर अंबेडकर चौक स्थित मॉडल स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शनिवार को काली पट्टी बांधकर भत्ते व अन्य सुविधाओं में कटौती का विरोध किया। स्कूल की छुट्टी एक बजकर 40 मिनट पर होने के बाद इन शिक्षकों ने 3 घंटे से भी अधिक समय पर स्कूल परिसर में धरना दिया। इस बीच मॉडल एजुकेशन सोसाइटी के सचिव राजेश सहगल ने शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। जिसमें तय हुआ कि गवर्निंग बॉडी की बैठक बुलाई जाएगी।
मॉडल स्कूल के सभी शिक्षक व शिक्षिकाओं ने तय कार्यक्रम के अनुसार काली पट्टी बांधकर कक्षाएं ली। स्कूल की प्रिंसिपल डा. अरूणा तनेजा ने विरोध कर रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं को काली पट्टी उतारने के लिए कहा लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। मॉडल एजुकेशन सोसाइटी के सचिव राजेश सहगल ने अमेरिका यात्रा से लौटने के बाद पहली बार शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ डेढ घंटे तक वार्ता की। इस दौरान भत्ते व अन्य सुविधाओं में कटौती का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया। जून में हुई गवर्निंग बॉडी की बैठक में यह कटौती की गई थी। जिसका सभी शिक्षक शुरू से ही विरोध कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि उनके नियुक्ति पत्र के अनुसार गवर्निंग बॉडी इस प्रकार भत्तों व अन्य सुविधाओं में कटौती नहीं कर सकती। लेकिन स्कूल मैनेजमेंट मनमर्जी पर उतरा हुआ है। शिक्षकों का कहना है कि पिछले 2 दशक में स्कूल में किसी भी प्रकार की सुविधा में बढोतरी नहीं की गई है। जब अन्य स्कूलों में सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं तो यहां पर सुविधाओं का अभाव किसलिए है। हर चीज के लिए शिक्षकों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है जबकि मैनेजमेंट अपनी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं है।
शाम करीब पौने 5 बजे जब मॉडल एजुकेशन सोसाइटी के सचिव राजेश सहगल बाहर जाने लगे तो धरना दे रहे शिक्षक व शिक्षिकाओं ने उनकी कार को आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद सहगल कार से नीचे उतरे और अपनी बात रखी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही गवर्निंग बॉडी की बैठक में बुलाई जाएगी और पिछली बैठक में लिए गए निर्णय पर दोबारा विचार किया जाएगा। शिक्षकों का कहना है कि कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा और पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर को भी अपनी बात से अवगत करा चुके हैं लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। आने वाले दिनों में मॉडल स्कूल की दूसरी ब्रांच के शिक्षक भी आंदोलन में शामिल होंगे।