रोहतकः भीम अवार्डी कोच मोरखेड़ी गांव निवासी मनोज कुमार ओहल्याण दूसरी बार एशियन गेम्स में भारतीय 50 मीटर राइफल टीम के हेड कोच नियुक्त

 
रोहतकः भीम अवार्डी कोच मोरखेड़ी गांव निवासी मनोज कुमार ओहल्याण दूसरी बार एशियन गेम्स में भारतीय 50 मीटर राइफल टीम के हेड कोच नियुक्त

 रोहतक, 5 सितंबर। जिला के मोरखेड़ी गांव निवासी भीम अवॉर्डी एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता मनोज कुमार ओहल्यान एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजी टीम के 50 मीटर राइफल इवेंट के हेड कोच नियुक्त किए गए हैं। इस उपलब्धि पर गांव मोरखेड़ी में में खुशी का माहौल है। एशियन गेम्स इस बार 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में होंगे।
मनोज कुमार इससे पहले हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में भी भारतीय 50 मीटर राइफल टीम के हेड कोच थे। उनके नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक जीते थे। इनमें सिफ्ट कौर समरा का विश्व रिकॉर्ड के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी शामिल था। इसके अलावा पुरुष टीम ने स्वर्ण, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने व्यक्तिगत रजत, महिला टीम ने रजत और आशी चौकसी ने व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता था। उनके नेतृत्व में भारतीय पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम ने 2023 विश्व निशानेबाजी चौंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतकर विश्व चौंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
मनोज कुमार स्वयं एक सफल अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज रहे हैं और देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। खेलों में उनके योगदान के लिए हरियाणा सरकार द्वारा उन्हें प्रतिष्ठित भीम अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। लंबे समय से भारतीय टीम से जुड़े मनोज कुमार के मार्गदर्शन में देश के निशानेबाजों ने ओलंपिक, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप, विश्व कप और एशियन चैंपियनशिप में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं।
मनोज कुमार ने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के विश्वास तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के निरंतर सहयोग से मिली है। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही भारतीय निशानेबाजी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रही है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पिछले प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए आगामी एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों को अधिक से अधिक पदक जीतने के लिए तैयार करना है