अग्रोहा मेडिकल में राज्य स्तरीय एड्स कार्यक्रम की समीक्षा

 
अग्रोहा मेडिकल में राज्य स्तरीय एड्स कार्यक्रम की समीक्षा

 अग्रोहा, 7 सितंबर 2026।
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अग्रोहा के प्रशासनिक भवन स्थित काउंसिल रूम में सोमवार को हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी, पंचकूला के तत्वावधान में “प्रोग्रामेटिक रिव्यू” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय कार्यक्रम रहा, जिसमें हरियाणा में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं की समीक्षा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी, पंचकूला की परियोजना निदेशक डॉ. मुक्ता कुमार ने की। महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा के निदेशक डॉ. करनदीप सिंह ने डॉ. मुक्ता कुमार का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया और संस्थान में इस महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय समीक्षा कार्यक्रम के आयोजन को गौरव का विषय बताया।

समीक्षा बैठक में एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जांच, उपचार, परामर्श एवं जागरूकता से जुड़ी सेवाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत उपलब्ध सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा जमीनी स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर विचार-विमर्श करना रहा।

इस अवसर पर हरियाणा राज्य से संबंधित एचआईवी/एड्स कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, सेवाओं की पहुंच तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई।

डॉ. करनदीप सिंह ने कहा कि एमएएमसी अग्रोहा में राज्य स्तर के ऐसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के लिए सम्मान की बात है। एचआईवी जैसी चुनौती से निपटने के लिए चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ जन-जागरूकता, समय पर जांच, उचित परामर्श और उपचार तक आसान पहुंच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अग्रोहा मेडिकल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मुक्ता कुमार ने एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी संचालन में सभी संबंधित विभागों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कार्यक्रम के निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनाने पर जोर दिया।

बैठक में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सेवाओं की नियमित समीक्षा, गुणवत्ता में सुधार, लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर विचार किया गया।