परिवर्तन योजना के सुगम एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित

 
परिवर्तन योजना के सुगम एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित

मंत्रालय, यातायात पुलिस, बैंक, वाहन डीलर्स, स्क्रैपिंग सुविधाओं एवं ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

वाहन स्वामियों के प्रश्नों का दिया जवाब, योजना की प्रक्रिया एवं लाभों के बारे में किया जागरूक

फरीदाबाद, 31 अक्टूबर।

परिवर्तन योजना का लाभ पात्र वाहन स्वामियों तक सुगमता से पहुंचाने तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से गत दिवस लघु सचिवालय, फरीदाबाद में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण, फरीदाबाद मनीष सहगल ने की। बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के अवर सचिव प्रवीण कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) शैलेन्द्र सिंह, केनरा बैंक की नोडल अधिकारी कनिका, वाहन निर्माता कंपनियों एवं वाहन डीलर्स (ओईएम), पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधाओं (आरवीएसएफ) तथा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान परिवर्तन योजना के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उपस्थित प्रतिनिधियों को योजना के उद्देश्य, पात्रता, उपलब्ध लाभों तथा इनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। पुराने वाहनों के स्थान पर स्वच्छ एवं कम प्रदूषणकारी वाहनों को अपनाने और वाहन स्क्रैपिंग की व्यवस्थित प्रक्रिया में संबंधित पक्षों की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
समीक्षा के दौरान वाहन स्वामियों एवं ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों को अपने प्रश्न और व्यावहारिक कठिनाइयां रखने का अवसर दिया गया। प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों के संबंधित अधिकारियों ने उत्तर दिए तथा योजना की प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। संवाद के माध्यम से वाहन स्वामियों को योजना से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मंत्रालय, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, बैंक, वाहन डीलर्स तथा पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधाओं के प्रतिनिधियों की एक साथ उपस्थिति से योजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर समग्र चर्चा हुई। वाहन स्वामियों को योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित संस्थाओं से आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने के बारे में जागरूक किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण, फरीदाबाद मनीष सहगल ने योजना के सफल क्रियान्वयन में सभी हितधारकों के आपसी समन्वय एवं सहयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने पात्र वाहन स्वामियों को योजना की जानकारी प्राप्त कर उपलब्ध लाभों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बैठक के माध्यम से परिवर्तन योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने, वाहन स्वामियों की शंकाओं को दूर करने तथा योजना के क्रियान्वयन को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।