हिसार में समाधान शिविर का आयोजन, 10 शिकायतों पर उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हिसार | आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान नागरिकों की ओर से 10 शिकायतें एवं समस्याएं रखी गईं।
समाधान शिविर में गांव सरसोद निवासी एक प्रार्थी द्वारा परिवार पहचान पत्र में गलत तरीके से दर्ज आय को ठीक कर बुढ़ापा पेंशन शुरू करवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रार्थी के दस्तावेज की जांच उपरांत आय संबंधी समस्या को ठीक करने के निर्देश दिए। गांव मंगाली निवासी रोशनी देवी ने खराब ट्रांसफर न बदलने की शिकायत पर उपायुक्त ने हरियाणा दक्षिण बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को ट्रांसफर बदलने संबंधी आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
गांव खरड़ निवासी नीलम द्वारा गैस सब्सिडी न मिलने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबधित विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाने को कहा। इसी प्रकार गांव सीसवाल निवासी रामसिंह द्वारा मोगा खुलवाने की मांग पर उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मामले पर आगामी कार्यवाही करने के दिशा निर्देश दिए। गांव खरड़ निवासी सज्जन सिंह द्वारा फसल खराबे के मुआवजे की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने तहसीलदार को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का समाधान करने की हिदायत दी।
शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
