रानियां विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित
सिरसा, 11 अगस्त।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल के निर्देशानुसार रानिया विधानसभा क्षेत्र (44) में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मंगलवार को सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार रानियां शुभम शर्मा की अध्यक्षता में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सारणी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने जानकारी दी कि मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया जा चुका है। प्रारूप मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां 31 जुलाई से 30 अगस्त तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा।
इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे ठीक करवाने का अवसर दिया जा रहा है। राजनीतिक दलों के बीएलए-1 एवं बीएलए-2 तथा अन्य प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे बूथ लेवल अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता अपने नाम एवं मतदाता सूची से संबंधित जानकारी की जांच कर सकते हैं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि एसआईआर से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। नागरिक हेल्प डेस्क नंबर 01666-297467 पर प्रात: 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक संपर्क कर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का विश्वास दिलाया।
