कालांवाली यूथ मैराथन में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करें

 
कालांवाली यूथ मैराथन में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करें

अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने युवाओं, खिलाड़ियों व आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाने का किया आह्वान

सिरसा, 12 नवंबर।

नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से आगामी 22 नवंबर को कालांवाली उपमंडल में यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस मैराथन को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं तथा प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने जिले के युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा आमजन से इस यूथ मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से नशामुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेगा।

वेबसाइट और क्यूआर कोड से करवा सकते हैं पंजीकरण
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि यूथ मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट https://KalanwaliHalfMarathon.com पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन करके भी आसानी से पंजीकरण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं, खिलाड़ियों और आमजन से अपील की कि वे समय रहते अपना पंजीकरण करवाएं और 22 नवंबर को कालांवाली में आयोजित होने वाली यूथ मैराथन में भाग लेकर नशामुक्त हरियाणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यूथ मैराथन के विजेताओं को आकर्षक ईनाम भी दिये जाएंगे।