जनभागीदारी के साथ जिला में चलेगा ‘रिफॉर्म उत्सव’ : डीसी

 
जनभागीदारी के साथ जिला में चलेगा ‘रिफॉर्म उत्सव’ : डीसी

 झज्जर, 03 सितंबर
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारत सरकार की ‘रिफॉर्म उत्सव’ पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिलाभर में शैड्यूल के अनुरूप गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘रिफॉर्म उत्सव’ का उद्देश्य नागरिकों से प्राप्त सुझावों के माध्यम से शासन-व्यवस्था में ऐसे सुधार करना है, जिनका व्यापक जनहित में सकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश दिए।
डीसी वर्षा खांगवाल गुरुवार को मुख्य सचिव हरियाणा श्री अनुराग रस्तोगी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपरांत अधिकारियों की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रही थीं।
उन्होंने विभागवार जिम्मेदारियों, जन जागरूकता गतिविधियों, नागरिकों से सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सरकारी सेवाओं एवं प्रक्रियाओं में व्यावहारिक सुधार करने की महत्वपूर्ण पहल
डीसी ने कहा कि ‘रिफॉर्म उत्सव’ केवल सुझाव एकत्रित करने का अभियान नहीं है, बल्कि नागरिकों की समस्याओं और सुझावों के आधार पर सरकारी सेवाओं एवं प्रक्रियाओं में व्यावहारिक सुधार करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनका उचित वर्गीकरण किया जाए तथा त्वरित लाभ वाले सुधारों और मध्यम अवधि के सुधारों के लिए स्पष्ट कार्य योजना तैयार की जाए।

नागरिकों को पोर्टल पर सुझाव दर्ज करने के लिए हेल्प डेस्क जरूरी
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए 11 सितंबर से व्यापक जागरूकता गतिविधियां शुरू की जाएं। इसके बाद 2 से 31 अक्टूबर तक गहन जनसंपर्क अभियान चलाते हुए नागरिकों को ‘रिफार्म उत्सव’ पोर्टल के माध्यम से अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को पोर्टल पर सुझाव दर्ज करने में सहायता देने के लिए आवश्यक सहायता डेस्क भी प्रभावी रूप से संचालित किए जाएं।

 ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर को होंगी जनमंथन सभा
डीसी ने विकास एवं पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि 2 अक्टूबर 2026 को प्रत्येक पंचायत में जन मंथन सभा आयोजित की जाए, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो। ग्राम सभाओं तथा पंचायत बैठकों में भी ‘सुधार उत्सव’ को विशेष एजेंडा के रूप में शामिल किया जाए। शहरी क्षेत्रों में वार्ड सभाओं एवं नागरिक परामर्श के माध्यम से लोगों से सुधार संबंधी सुझाव प्राप्त करने के निर्देश दिए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 10 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विभागीय स्तर पर सुझावों पर विचार-विमर्श किया जाए। त्वरित लाभ वाले सुधारों को लागू करने के साथ-साथ मध्यम अवधि के सुधारों के लिए समयबद्ध रोडमैप तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि त्वरित लाभ वाले सुधारों के क्रियान्वयन और पोर्टल पर अपडेटेशन  की प्रक्रिया 20 दिसंबर तक पूरी की जाए।

रिफॉर्म उत्सव में योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के अनुभव हों सांझा
डीसी ने कहा कि अभियान के दौरान सामने आने वाली सफल पहलों, बेहतर कार्यप्रणालियों और उपलब्धियों को भी सामने लाया जाए, ताकि अन्य विभाग उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘सुधार उत्सव’ को पूरी गंभीरता के साथ लेते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी गतिविधियां पूरी करें और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें।

इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट,एसडीएम एसडीएम बेरी रेणुका नांदल,एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम ऋतु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।