बच्चों की प्रतिभा की पहचान कर उन्हें अवसर प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता : सीटीएम
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे मंडल स्तर पर लेंगे भाग
सिरसा,
जिला बाल कल्याण परिषद सिरसा द्वारा बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन रंगोली, फन गेम्स (लडक़े एवं लड़कियां), एकल नृत्य, समूह नृत्य तथा एकल शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगराधीश अजय सिंह ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। नगराधीश अजय सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को जीवन में आगे बढऩे और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, चंडीगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली ये प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उनके सपनों को साकार करने के लिए उचित अवसर उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। जिला बाल कल्याण अधिकारी नरेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगभग 400 बच्चों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन अरुण कुमार और सतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी पूनम नागपाल, आईना असीजा, अंशु सहित बाल भवन का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
