राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत, ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ बना अभियान का थीम

 

हिसार । हर परिवार को पर्याप्त पोषण देने के उद्देश्य से 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष पोषण माह की थीम हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी रखी गई है। गौरतलब है कि अभियान की शुरुआत 9 सितंबर से हुई थी।


यह जानकारी देते हुए विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पोषण माह का उद्देश्य बेहतर पोषण, स्वस्थ खानपान की आदतों और आंगनवाड़ी सेवाओं के प्रति सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि पोषण माह के दौरान आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बच्चों के विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक प्रोत्साहन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत माताओं को नकद हस्तांतरण जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रवक्ता ने कहा कि बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए जीवन के शुरुआती वर्षों में सही पोषण बेहद जरूरी है। इसके लिए आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों को संतुलित आहार, पोषण संबंधी जानकारी तथा स्वस्थ खानपान की आदतों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि सही पोषण-सही सीख, खुशहाल बचपन-उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ पोषण माह में सक्रिय भागीदारी करें और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।