सिविल अस्पताल हिसार की मदद को आगे आए रामू सिंगल, ओसेल्टामिविर और वीटीएम की कराई उपलब्धता

 
सिविल अस्पताल हिसार की मदद को आगे आए रामू सिंगल, ओसेल्टामिविर और वीटीएम की कराई उपलब्धता

हिसार | स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सिविल अस्पताल हिसार की ओर से आवश्यक दवाइयों की मांग रोटरी क्लब हिसार के समक्ष रखी गई थी। सिविल सर्जन हिसार की ओर से जिला सर्विलांस अधिकारी, आईडीएसपी के माध्यम से रोटरी क्लब हिसार के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता को पत्र भेजकर ओसेल्टामिविर की 2000 तथा वीटीएम की 1000 मात्रा उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया गया था। इस मांग को रोटरी क्लब के रोटेरियन राम अवतार सिंगल (रामू सिंगल) ने पूरा करते हुए आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाईं। सिविल अस्पताल की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया था कि कार्यालय जिला सर्विलांस यूनिट हिसार में स्वाइन फ्लू के केस अधिक आ रहे हैं और ओसेल्टामिविर व वीटीएम की कमी महसूस हो रही है।

जनहित को ध्यान में रखते हुए क्लब से इन दवाइयों की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया था। रोटरी क्लब हिसार के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि समाजसेवा का उद्देश्य जरूरत के समय लोगों और संस्थाओं की मदद करना है। सिविल अस्पताल की मांग को गंभीरता से लेते हुए रोटेरियन राम अवतार सिंगल ने आगे बढ़कर दवाइयों की व्यवस्था की, जिसके लिए रोटरी क्लब हिसार उनका हार्दिक आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों को आवश्यकता के समय सहयोग देना सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। क्लब भविष्य में भी जनहित एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में अपना सहयोग जारी रखेगा।