कौशल्या की भाँति यदि, हर माता ले ठान।
बन जाएगा राम-सा, हर बेटा भगवान।।
कौशल्या ने राम को, दिया धर्म का ज्ञान।
माँ के उन संस्कार से, ऊँचा हुआ जहान।।
धन-दौलत से है बड़ी, संस्कारों की खान।
जिस घर में सम्मान हो, बसे वहाँ भगवान।।
माँ का आँचल बन सके, नैतिकता की छाँव।
ऐसे घर में जन्म ले, राम-लखन का भाव।।
बच्चों के व्यवहार में, माँ का दिखता रूप।
जैसी होगी सीख घर, वैसा हो स्वरूप।।
राम बने श्री राम तब, जब घर मिला विचार।
माँ के त्याग और प्रेम से, महका कुल-संसार।।
बेटा हो या बेटियाँ, सबको दें सम्मान।
संस्कारों से ही बने, सुंदर हिंदुस्तान।।
माँ यदि सीता-सा रखे, धीरज और विवेक।
बच्चों के जीवन बने, आदर्शों का लेख।।
घर में यदि गीता बजे, रामायण के बोल।
बच्चों के मन में खिलें, सद्गुणों के फूल।।
बच्चों को तलवार से, नहीं बनाते वीर।
सत्य, त्याग और धर्म से, बनता मन गंभीर।।
हर माँ कौशल्या बने, पिता दशरथ महान।
घर-घर रामचरित मिले, महके हिंदुस्तान।।
- डॉ. सत्यवान सौरभ
