गांव पन्नीवाला मोटा और रोड़ी में सेवा सेतु अभियान के तहत जन कल्याण कैंप आयोजित
‘जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता’
सिरसा, 8 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर सेवा सेतु अभियान-जन कल्याण कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को खंड ओढ़ां के गांव पन्नीवाला मोटा तथा खंड बड़ागुढ़ा के गांव रोड़ी में जन कल्याण कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों में ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
गांव पन्नीवाला मोटा में आयोजित कैंप में जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर सरपंच प्रदीप कुमार बैनीवाल, मक्खन सिंह ख्योवाली, ओम प्रकाश, देवीलाल, सुरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे जन कल्याण कैंपों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है। ऐसे कैंपों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी उनके गांव में ही उपलब्ध हो रही है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि कैंपों में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुनकर पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं से जोडऩे के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। कैंप के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित प्रक्रिया के बारे में भी अवगत करवाया गया।
