रोहतक में समाधान शिविरों में सुनी गईं जनसमस्याएं, अधिकारियों को तुरंत ATR भेजने के निर्देश

 
रोहतक में समाधान शिविरों में सुनी गईं जनसमस्याएं, अधिकारियों को तुरंत ATR भेजने के निर्देश

रोहतक | उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे शिकायत पोर्टलों की ऑवरडयू शिकायतों को तुरंत अंडरटेक करें तथा इनका उचित समाधान करवाकर कार्यवाही रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जायेगी।

सतबीर सिंह स्थानीय लघु  सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे। इस अवसर पर उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने समस्याएं सुनने के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की हर समस्या का सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए समयबद्ध उचित समाधान करें। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच के तहत हर सोमवार एवं वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
 

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की हर विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत का एक छत के नीचे समयबद्ध निदान करने के लिए कृतसंकल्प है। जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से समाधान शिविरों के आयोजन के साथ-साथ इन शिविरों की शिकायतों के निपटारे की समीक्षा भी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते समय संबंधित नागरिक से संवाद करें तथा विभागीय कार्यवाही से अवगत करवाकर संतुष्ट करें।
 

सतबीर सिंह ने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे किसी भी विभाग से संबंधित समस्या को जिला स्तर अथवा उपमंडल स्तर पर आयोजन हो रहे समाधान शिविरों में रखें। जिला प्रशासन द्वारा समयबद्ध उचित समाधान करवाया जायेगा। नागरिक अपनी समस्या को साधारण कागज पर लिखकर लाये, जिसकी जिला प्रशासन द्वारा सुनवाई की जाएगी तथा उचित समाधान भी करवाया जायेगा। इसके लिए उन्हें समस्या को कंप्यूटर पर टाइप करवाने की आवश्यकता नहीं है। लिखने-पढ़ने में असमर्थ व्यक्तियों की मदद के लिए समाधान शिविर में कर्मचारी भी तैनात किया गया है। जिला मुख्यालय के अलावा उपमंडल मुख्यालयों सांपला एवं महम में भी समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनी गई।
 

इस अवसर पर सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, नितिन जैन, डॉ. अशोक रंगा, सतीश चौधरी के अलावा संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।