समाधान शिविर में पहुंची जनता की फरियाद, अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं

 
समाधान शिविर में पहुंची जनता की फरियाद, अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं

हिसार । नगराधीश रोहित कुमार व एसडीएम ज्योति मित्तल ने लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान पूर्ण संवेदनशीलता और तत्परता के साथ करें, ताकि शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो सकें।


नगराधीश रोहित कुमार ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनता की समस्याओं का तत्काल निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का स्टेटस ऑनलाइन अपडेट किया जाए। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता, तो शिकायत को दोबारा खोलने का प्रावधान भी उपलब्ध है।


समाधान शिविर में एक प्रार्थी द्वारा कृषि भूमि एवं ढाणी तक आवागमन रास्ते को अवरुद्ध करने संबंधी शिकायत पर पुलिस विभाग के अधिकारियों को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाने को कहा गया। गांव ठसका निवासी रणवीर सिंह रेवाड़ द्वारा गांव के आंगनवाड़ी केंद्र को पंचायत भवन में स्थानांतरण के साथ-साथ एक स्टाफ सदस्य की मांग पर संबंधित विभाग के अधिकारी को उक्त मामले पर आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी गई। गांव धीरणवास के कुछ नागरिकों द्वारा गांव के कुछ घरों में कम वोल्टेज की समस्या पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को मौका जांच कर समस्या को समाधान को लेकर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


इसी प्रकार गांव सीसवाल निवासी एक प्रार्थी द्वारा सार्वजनिक गलियों में किए गए अवैध कब्जे संबंधी शिकायत पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को उक्त समस्या के निदान को लेकर विभागीय कार्यवाही करने को कहा गया। गांव डाया के ग्रामवासियों ने गांव की कुछ जमीन को मिलीभगत करके की गई गड़बड़ी के संबंध में डीएफओ को मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ उचित कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।