नागरिकों को समयबद्ध राजस्व संबंधित सेवाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की है सर्वोच्च प्राथमिकता :-उपायुक्त सतबीर सिंह
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें। उन्होंने ऑटो म्युटेशन एवं पेपरलेस रजिस्ट्रेशन बारे भी अधिकारियों को आवश्यक हिदायतें दी।
सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लंबित राजस्व मामलों, स्टांप शुल्क प्रकरणों, भूमि अधिग्रहण, शिकायत निवारण तथा एग्रीस्टैक से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है ताकि आमजन को सुविधा हो। उन्होंने सर्वप्रथम ऑटो म्युटेशन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि लंबित इंतकाल के मामलों को शीघ्र निपटाये। राजस्व अधिकारी अपने कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने तहसील अनुसार लंबित इंतकाल के मामलों की समीक्षा की तथा निर्धारित अवधि में लंबित इंतकालों को दर्ज करने के निर्देश दिये।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने जमाबंदी की समीक्षा की तथा खाना मलकियत एवं खाना काश्त के कार्य में सावधानी बरतने के निर्देश दिये। उन्होंने रोवर के माध्यम से निशानदेही की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस कार्य बारे पूर्ण रूप से गंभीर है। संबंधित एसडीएम गंभीरता से निगरानी करें तथा तहसीलदार इसे गंभीरता से लेते हुए पूर्ण करवाये। जन शिकायत निवारण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी सीएम विंडो, जनसंवाद, सीपीग्राम्स को गंभीरता से लें तथा लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निपटान सुनिश्चित किया जाये।
सतबीर सिंह ने आदर्श राजस्व रिकॉर्ड रूम में रखे गए रिकॉर्ड के संदर्भ में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने पेपरलेस रजिस्ट्रेशन की तहसील अनुसार समीक्षा की। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिये। उन्होंने तकसीम के लंबित मामलों को भी समयबद्ध निपटाने के निर्देश दिये। राजस्व न्यायालयों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित बंटवारा, गिरदावरी तथा सीमांकन मामलों के निपटान में तेजी लाई जाए।
समीक्षा बैठक में सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, तहसीलदार यशपाल शर्मा, दिनेश कुमार, गुलाब सिंह, रवि कुमार तथा नायब तहसीलदार विजेंद्र, प्रमोद मेहरा तथा अन्य संबंधित नायब तहसीलदार, सदर कानूनगो सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
