फरीदाबाद, 3 सितंबर।
हरियाणा में 2 अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक रिफॉर्म उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान जिला फरीदाबाद में भी विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। रिफॉर्म उत्सव का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में ऐसे प्रभावी एवं जनहितकारी सुधार लागू करना है, जिनसे आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक सरल, पारदर्शी, त्वरित एवं सुगम तरीके से मिल सके।
रिफॉर्म उत्सव को लेकर आज मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में रिफॉर्म उत्सव के सफल आयोजन, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा आमजन को इस अभियान से जोड़ने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिला के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए निर्देश दिए कि रिफॉर्म उत्सव के तहत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि रिफॉर्म उत्सव एक सिटिजन ड्रिवन (Citizen Driven) अभियान है, जिसमें आमजन की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। इस अभियान के माध्यम से नागरिकों से सरकारी सेवाओं एवं कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सुझाव प्राप्त किए जाएंगे तथा इन सुझावों पर व्यापक जन-मंथन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि आमजन से प्राप्त सुझावों में से अच्छे, व्यावहारिक एवं जनहितकारी सुझावों को चिन्हित किया जाएगा। ऐसे सुझावों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, ताकि इन सुधारों का सीधा और सकारात्मक लाभ नागरिकों को मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में सुधार का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिफॉर्म उत्सव के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए और उनसे सरकारी सेवाओं एवं कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि आमजन के अनुभव और सुझाव प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण इनपुट हैं। इन्हीं के आधार पर विभाग अपनी कार्यप्रणाली में आवश्यक बदलाव करते हुए बेहतर एवं प्रभावी रिफॉर्म लागू करें।
हर विभाग अपने स्तर पर ऐसे पांच रिफॉर्म चिन्हित करेगा, जिनसे आमजन के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इन रिफॉर्म के माध्यम से यह भी प्रदर्शित किया जाएगा कि सरकारी कार्यप्रणाली में किए गए सुधारों से नागरिकों को किस प्रकार सुविधा मिली तथा सेवाओं की डिलीवरी किस तरह अधिक सरल एवं प्रभावी हुई है।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को सरल बनाना, अनावश्यक प्रक्रियाओं को कम करना, पारदर्शिता बढ़ाना तथा तकनीक के बेहतर उपयोग से सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाना रिफॉर्म की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करें, जहां सुधार की आवश्यकता है और वहां ठोस एवं परिणामदायी बदलाव लागू करने का प्रयास करें।
डीसी ने अधिकारियों से कहा कि रिफॉर्म उत्सव के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा प्राप्त होने वाले सुझावों का गंभीरता से अध्ययन किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक एवं जनहितकारी सुझावों को विभागीय कार्यप्रणाली में शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अच्छे रिफॉर्म को प्रभावी ढंग से लागू करने से न केवल सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि नागरिकों का सरकारी व्यवस्था के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि रिफॉर्म उत्सव के समापन अवसर पर 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में रिफॉर्म उत्सव के दौरान सामने आए महत्वपूर्ण सुधारों, जनभागीदारी से प्राप्त सुझावों तथा प्रभावी ढंग से लागू किए गए जनहितकारी रिफॉर्म को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को रिफॉर्म उत्सव को एक प्रभावी जन-अभियान का स्वरूप देने, अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सरकारी कार्यप्रणाली में ऐसे सुधार लाने के निर्देश दिए, जिनका सीधा लाभ आमजन को मिल सके।
बैठक में नगराधीश अंकित कुमार, एसीपी राजीव कुमार सहित पंचायत, शिक्षा, सामाजिक कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
