शिकायतों के समाधान को मिल रही प्राथमिकता, डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल ने कॉन्फ्रेंस हॉल में सुनीं समस्याएं
भिवानी 10 सितम्बर। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में वीरवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। समाधान शिविर में डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे समाधान शिविर में मुख्यालय स्तर पर स्वीकृत होने वाले बड़े निर्मांण कार्यों संबंधी मांगों की बजाय बिजली, पेयजल, सीवरेज आदि मूलभूत दैनिक समस्याएं लेकर आएं ताकि उनका जिला स्तर पर ही संबंधित विभागों द्वारा समाधान करवाया जा सके। जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर में आयोजित होते हैं।
डिप्टी सीईओ के समक्ष जीतूवाला चौहड़ निवासी मूर्ति ने टूटे हुए बिजली के पोल बदलवाने और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करवाने, विजय नगर निवासी विकास मेहता ने बिजली का खंभा हटवाने बारे, गांव चहड़ कलां निवासी नवीन कुमार ने स्वागत बोर्ड पर लगी फोटो हटवाने बारे, सेक्टर-13 निवासी हंसराज ने बरसाती नाले के होल पर ढक्कन लगवाने, संजय कॉलोनी निवासी राजेंद्र प्रसाद ने पेयजल पाईप लीकेज ठीक करवाने तथा वार्ड नंबर 11 निवासी कर्मवीर ने सीवरेज लाइन ठीक करवाने की शिकायत रखी।
इसी प्रकार से गांव बापोड़ा निवासी जगबीर सिंह, वार्ड नंबर दो निवासी बीरमति, गांव बजीणा निवासी हंसराज तथा गांव नेकीपुर निवासी रामवीर ने फैमिली आईडी में आई त्रुटियों को ठीक करवाने की शिकायतें रखीं।
डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल ने सभी शिकायतों को गौर से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा गैर-सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार, केके. ग्रोवर, अनिल सोलंकी, रमेश लालावास व रामकिशन हलवासिया आदि मौजूद रहे।
