भिवानी में CM की रैली से पहले तैयारियां तेज:रैली स्थल के पास ही बनाए गए हैलीपेड; साफ-सफाई जोरों पर
भिवानी के बवानीखेड़ा स्थित अनाज मंडी में 6 सितंबर को विकास संकल्प रैली आयोजित होगी। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। इस रैली की तैयारियां बवानीखेड़ा में चल रही है। एक तरफ स्टेज बनाई जा रही है, वहीं कस्बे में साफ-सफाई व डिवाइडर तथा रेलिंग पर रंग-पेंट भी किए जा रहे हैं। वहीं बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि का कहना है कि वे लगातार लोगों के बीच जाकर इस रैली का न्यौता दे रहे हैं।
बवानीखेड़ा में अनाज मंडी व बस स्टैंड के सामने खाली मैदान दोनों जगहों में से परिवर्तनशील मौसम के चलते नई अनाज मंडी को रैली आयोजन के लिए सबसे उपयुक्त मानते हुए तय किया गया है। नई अनाज मंडी परिसर में रैली स्थल के पास ही हैलीपेड बनाए गए हैं।
सीएम के सामने रखी जाएंगी विकास से जुड़ी मांगे
बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने रैली की तैयारियों को लेकर कहा कि रैली के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष हलका बवानीखेड़ा में विकास से जुड़ी विभिन्न मांगे रखी जाएंगी। यह रैली हलका बवानीखेड़ा में विकास को नई दिशा देने का काम करेगी। रैली को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। आज हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से खुश है। सरकार बिना खर्ची-बिना पर्ची युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी प्रदान कर रही है। विकास संकल्प रैली में हर वर्ग से लोग शामिल होंगे।
