झज्जर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारी, आशीर्वाद का दीया जलाकर होगी अभियान की शुरुआत
झज्जर, 14 सितंबर | सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जन कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि अभियान का व्यापक उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट कर सेवा, सहयोग और सहभागिता की संस्कृति को मजबूत करना है। इसके साथ ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित करने की दिशा में भी अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने सेवा संकल्प अभियान के आयोजन बारे सम्बंधित अधिकारियों की बैठक ली और इससे पहले उन्होंने शहर के नए बस स्टैंड का दौरा कर 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की। उन्होंने बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ मॉड्यूल एक से होगी। इसी तरह अन्य मॉड्यूल के तहत कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला में ‘सेवा संकल्प अभियान' के प्रमुख कार्यक्रमों में ‘आशीर्वाद का दीया/रक्तदान’, ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ शामिल हैं।
डीसी ने बताया कि इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा को केवल एक गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय इसे सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। रक्तदान जैसे जनसेवा कार्यों से जरूरतमंदों की मदद को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं चित्र सेवा और अनकही कहानियों जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भावना को सामने लाने का माध्यम बनेंगे। इसी तरह ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से जनभागीदारी को व्यापक रूप देने पर जोर रहेगा। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए सेवा कार्यों में नए विचार और नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण के बीच संबंध को मजबूत करने का प्रयास होगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित नोडल अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि ‘सेवा संकल्प अभियान' से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने और जनकल्याण की भावना को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, संजय कबलाना, एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसड़ीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल व सीटीएम ऋतु सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
