सिरसा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज, एडीसी अर्पित संगल ने अधिकारियों के साथ की बैठक

 
सिरसा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज, एडीसी अर्पित संगल ने अधिकारियों के साथ की बैठक

सिरसा, 14 सितंबर। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एडीसी ने उपस्थित अधिकारियों से अभियान से संबंधित कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए उन्हें समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाते हुए तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। इसके अलावा जिला के विद्यालयों में विकसित भारत 2047 पर आधारित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में उपयुक्त स्थानों पर विजेताओं की कृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यही नहीं प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसी तरह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों की कहानी से आमजन को रूबरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला के आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें माताओं-बच्चों की व्यापक भागीदारी के साथ पोषण, स्वास्थ्य महिला विकास पर जागरूक किया जाएगा। मिशन पोषण 2.0, पोषण ट्रैकर, मिशन इंद्रधनुष तथा टीकाकरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत 25 मुख्य सेवा गतिविधियों रक्तदान कैंप, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, योग एवं ध्यान सत्र, साइबर सुरक्षा पर जागरूकता आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यही नहीं ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। प्राकृतिक सामग्री जैसे फूल, चावल, पत्तियां व प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल कर प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय एकता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकसित भारत 2047 पर आधारित रंगोली भी बनाई जाएगी। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।