कंसाला आईटीआई में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला संपन्न, 450 युवाओं में से 257 का चयन
कंसाला | उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज जिला के गांव कंसाला स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया गया। मेले में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा 257 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
अतिरिक्त निदेशक डॉ. सुमित सहरावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा राजपाल सिंधु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को अप्रेंटिसशिप के माध्यम से अपने कौशल को और अधिक निखारने तथा उद्योगों के साथ जुडक़र रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। अतिरिक्त निदेशक डॉ. सुमित सहरावत ने कहा कि मेले में लगभग 450 आईटीआई उत्तीर्ण एवं प्रशिक्षणरत युवाओं ने भाग लिया। विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत 257 युवाओं का चयन किया गया।
डॉ. सुमित सहरावत ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला युवाओं को उद्योगों से सीधे जुड़ने, व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। अप्रेंटिसशिप के माध्यम से युवा अपने तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल को मजबूत कर उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकते हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि राजकीय आईटीआई कंसाला द्वारा युवाओं को अधिक से अधिक अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों के साथ जोडऩे का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि तथा आईटीआई उत्तीर्ण एवं प्रशिक्षणरत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
