प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से बेटियों के जन्म पर पूजा को मिली आर्थिक सहायता

 

सेवा सेतु कैंप में लाभार्थी पूजा ने साझा किया अपना अनुभव, सरकार का जताया आभार

हरियाणा सरकार द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित सेवा सेतु कैंप आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध करवाने के साथ-साथ लाभार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

इसी कड़ी में गाँव बिजोपुर की लाभार्थी पूजा ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिले आर्थिक लाभ का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी पहली बेटी के जन्म पर उन्हें योजना के तहत 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिली थी। वहीं, दूसरी बेटी के जन्म पर भी उन्हें 5,000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें दोनों बेटियों के जन्म पर कुल 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिली।

पूजा ने बताया कि सरकार की इस योजना से उन्हें बच्चों के पालन-पोषण में आर्थिक सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए मददगार साबित हो रही हैं।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य पात्र गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को निर्धारित पात्रता एवं नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा दिया जा सके। सेवा सेतु कैंपों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि पात्र परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुँचे और उन्हें समय पर उनका लाभ मिल सके।