सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

 लक्षित आयु वर्ग की किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण करवाकर सर्वाइकल कैंसर से बचायें
 
सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित


रोहतक, 9 अगस्त। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण के प्रति छात्राओं और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय आईएमटी एसआरएस वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में छात्राओं के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा समय पर एचपीवी टीकाकरण के महत्व का संदेश समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाना था।


स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को जानकारी दी गई कि एचपीवी टीकाकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, नियमित स्क्रीनिंग तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श भी सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमित शर्मा, उप-प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा की उपस्थिति तथा अमन के सहयोग से आयोजित किया गया। यह गतिविधि सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. प्रतिभा तथा रीजनल मैनेजर डॉ. अपर्णा के समन्वय में संपन्न हुई। पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव एचपीवी टीकाकरण विषय पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से यह दर्शाया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है तथा समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है।


कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी पात्र बेटियों के एचपीवी टीकाकरण के संबंध में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त करें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि प्रत्येक पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच का लाभ उठा सके।


स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान को व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिला के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, प्रतिष्ठित नागरिकों एवं अन्य प्रभावशाली सार्वजनिक हस्तियों को अभियान से जोड़ा जाएगा। इनकी सहभागिता से समुदाय एवं अभिभावकों में टीकाकरण के प्रति विश्वास बढ़ाने तथा सकारात्मक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।          


स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि जिला की प्रत्येक पात्र बालिका तक एचपीवी टीकाकरण का संदेश पहुंचे और कोई भी बालिका केवल जानकारी या जागरूकता के अभाव में इस महत्वपूर्ण सुरक्षा से वंचित न रहे।