गांव गंगवा में 142.05 लाख रुपये की लागत से फिरनी सड़क का होगा पुनर्निर्माण : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
10.06 मीटर चौड़ी होगी सड़क, ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
हिसार, 09 अक्टूबर।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में हिसार जिले के गांव गंगवा में पुराना एनएच-65 से गंगवा आर्य नगर सड़क मार्ग की फिरनी के पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 142.05 लाख रुपये का अनुमानित बजट तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि गांव गंगवा में फिरनी सड़क की चौड़ाई लगभग 5.50 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 10.06 मीटर करने का प्रस्ताव है। इस सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय यातायात अधिक सुगम हो सकेगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया ग्राम पंचायत गंगवा की ओर से सड़क के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क के पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए अनुमानित लागत तैयार की गई है। इस कार्य के लिए हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल के माध्यम से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण से संबंधित कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
