डीसी साहिल गुप्ता ने समाधान शिविर में पांच शिकायतों का मौके पर ही किया समाधान
डीसी ने दिए आदेश: क्रीड द्वारा फैमिली आईडी, आधार कार्ड संबंधित समस्याओं का कैंप लगाकर किया जाए समाधान
भिवानी, 05 नवंबर।
डीसी साहिल गुप्ता ने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनीं। डीसी ने फैमिली आईडी से संबंधित पांच शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया। इसके साथ ही उन्होंने क्रीड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विशेष कैंप आयोजित कर जिला मुख्यालय पर हल होने वाली फैमिली आईडी और आधार कार्ड से संबंधित समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का स्थायी समाधान करें ताकि मुख्यालय स्तर पर री-ओपन ना हों। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों की मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं समीक्षा करते हैं। वहीं दूसरी ओर डीसी ने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। नागरिक इन शिविरों में अपनी समस्या रख सकते हैं।
डीसी के समक्ष गांव बवानी खेड़ा निवासी पूजा देवी ने बिजली बिल की स्टेटमेंट जारी करवाने, देवीलाल कॉलोनी निवासी सुनील ने अवैध गाय डेयरी बंद करवाने तथा गली में भैंस बांधने पर रोक लगाने और गांव हरियावास निवासी पवन कुमार ने कासनी माइनर पुल की टूटी हुई रेलिंग ठीक करवाने की शिकायत रखी। इसी प्रकार गांव संडवा निवासी संदीप कुमार, गांव दांग खुर्द निवासी राहुल, जागृति कॉलोनी निवासी मामराज, गांव पपोसा निवासी यशु, गांव बलियाली निवासी अंजली, गांव सिवाड़ा निवासी कृष्ण कुमार, गांव साहलेवाला निवासी पूजा कुमारी, गांव मानहेरू निवासी केशव, हनुमान गेट निवासी बिजेंद्र कुमार और मंजू ने फैमिली आईडी में त्रुटियां दुरुस्त करवाने की समस्या रखी।
डीसी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक मामले की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सीटीएम अनिल कुमार, डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गैर सरकारी सदस्य रामकिशन हलवासिया, सुनील वर्मा नंबरदार, अजीत शेखावत और केके ग्रोवर मौजूद रहे।
